मैनपुरी में भीषण हादसा, वॉल्वो बस पलटने से 17 लोगों की मौत

Wed 13-Jun-2018 11:49 am
Images Courtesy: bhaskar.com
चश्मदीदों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार से लहराती हुई चल रही थी मारे गए ज्यादातर लोग कन्नौज के रहने वाले थे

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। इटावा-मैनपुरी हाईवे पर एक वॉल्वो बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 17 यात्रियों को मौत हो गई। जबकि 25 से ज्यादा घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, बस डबल डेकर थी। इसके अलावा बस की छत पर भी करीब 35 से 40 सवारियां बैठी हुई थीं। मरने वालों में अधिकांश लोग बस की छत पर ही बैठे हुए थे।

वॉल्वो बस जयपुर से फर्रूखाबाद के लिए जा रही थी। रास्ते में इटावा-मैनपुरी मार्ग पर कीतरपुर के पास डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि जिसने भी देखा उसकी रूह कांप गई।

हादसे के बाद हाईवे पर लाशें बिछ गई। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ एसपी घटनास्थल पर पहुंच गए। घायलों को मैनपुरी जिला अस्पताल और सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

हादसे में मरने वाले ज्यादातर लोग फर्रुखाबाद जिले के कन्नौज के रहने वाले हैं। पुलिस शवों की पहचान करने का प्रयास कर रही हैं।

हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताया गया है। हादसे में मारे गए 17 लोगों में से अब तक केवल पांच लोगों की शिनाख्त हो पाई है। वहीं 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

कमिश्नर ने शासन की ओर से मृतकों के परिवार को 2-2 लाख व घायलों को 50-50 हजार मुआवजा दिए जाने की घोषणा की।