दिल्ली में खतरे के निशान पर यमुना, 27 ट्रेनें रद्द

Mon 30-Jul-2018 11:09 am
दिल्ली पर बाढ़ का खतरा के कारण लोहे का पुल किया गया बंद जिससे 27 ट्रेनों को रद्द किया गया जबकि 7 ट्रेनों के रूट डायवर्ट कर दिए हैं।

नई दिल्ली: दिल्ली में यमुना नदी उफान पर है। निचले इलाकों में पानी भर गया है। नदी खतरे के निशान से फिलहाल 0.68 मीटर ऊपर बह रही है। दिल्ली सरकार का कहना है कि आज (सोमवार) को भी जल स्तर बढ़ेगा। उधर, बाढ़ राहत व बचाव कार्य से जुड़ी सभी एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

एक ओर जहां यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण लोहे के पुल पर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। वहीं भारतीय रेल ने भी गंभीर स्थिति देखते हुए और लोहे के पुल के अस्थायी रूप से बंद होने के कारण 27 पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी हैं और 7 ट्रेनों के रूट डायवर्ट कर दिए हैं।

रद्द / डायवर्ट की गई ट्रेन्स हैं:
12225, 12312, 13413, 14042, 14044, 14055, 14207, 14217, 14556, 14723, 15014, 15484, 15707, 15910, 18102, 19031, 19610, 51906, 51909, 51909, 51914, 54058, 54075, 54308, 54539, 64003/04, 64051, 64101, 64104, 64152, 64402, 64408, 64411, 64420, 64421, 64437, 74021, 74025

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रविवार को निजामुद्दीन इलाके का दौरा कर हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार हर हालत से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। लोहे के पुल पर बने सड़क मार्ग और रेल यातायात को बंद कर दिया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि हरियाणा के हथनी कुंड बैराज से रविवार को दिनभर औसतन एक लाख क्यूसेक पानी हर घंटे छोड़ा गया। अभी शुक्रवार व शनिवार को बैराज से छोड़ा गया पानी दिल्ली पहुंच रहा है।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को दूसरे रास्तों से गुजरने की दी सलाह, निचले इलाके खाली कराने के लिए अलर्ट

दिल्ली में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। रविवार को ज्यादातर निचले इलाके जलमग्न हो गए। प्रशासन लोगों को यमुना खादर से निकालकर बाढ़ राहत कैंपों में पहुंचा रहा है। जिलाधिकारी समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी नियमित दौरे कर रहे हैं।

नोट: स्टेशन जाने से पहले ट्रेनों की सही जानकारी के लिए रेलवे की साईट पर या 139 पर कॉल करके पता करलें|

Related Post