भूकंप के झटकों से दहला इंडोनेशिया, 91 की मौत, 100 से ज्यादा घायल

Mon 06-Aug-2018 11:41 am
2004 में इंडोनेशिया में सुनामी के दौरान 1,68,000 लोगों की जान गई थी, प्राकृतिक आपदाओं के चलते इंडोनेशिया को रिंग ऑफ फायर कहलाता है

जकार्ता: इंडोनेशिया के लोमबोक द्वीप में रविवार को आए भूकंप में मरने वालों की तादाद 91 हो गई है। वहीं, 100 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.0 थी।

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 7 थी और इसका केंद्र लोमबोक के उत्तरी क्षेत्र में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था।

पहले सुनामी का अलर्ट जारी किया था, लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया गया। हफ्ता भर पहले ही यहां 6.4 तीव्रता का भूकंप आया था। इसमें 17 लोगों की मौत हो गई थी और सैकड़ों घर तबाह हो गए थे।

शक्तिशाली भूकंप से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों में भगदड़ मच गई और हजारों लोग अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

राहत-बचाव अधिकारियों का कहना है कि सबसे ज्यादा नुकसान मातारम शहर में हुआ है। द्वीप के कई हिस्सों में बिजली चली गई और अस्पतालों से निकाल कर मरीजों को सुरक्षित जगह ले जाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के बाद जारी की गई सुनामी की चेतावनी को रद्द कर दिया गया है।

Related Post