मूवी रिव्यु - हॉरर और कॉमेडी फिल्म है स्त्री

Fri 31-Aug-2018 12:22 pm
डराने के साथ बेहद हंसाती भी है फिल्म स्त्री, 31 अगस्त को रिलीज होगी, देखने से पहले रिव्यू जरूर पढ़ें|

मुंबई: राजकुमार राव और एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर की हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘स्त्री‘ की चर्चा लगातार हो रही है| कुछ दिन पहले से इस फिल्म का एक कैप्शन 'मर्द को दर्द होगा' सोशल मीडिया पर ट्रेंड हो रहा था, अब 'ओ स्त्री कल आना' कैप्शन भी खूब ट्रेंड हो रहा है|

आज यह फिल्‍म रिलीज होने जा रही है, ऐसे में रिलीज से पहले इस फिल्‍म का एक नया पोस्‍टर रिलीज किया गया है, कुछ समय पहले श्रद्धा का एक डरावना सा लुक सामने आया था, जिसमें वह नन के कपड़ों में दिखाई दे रही थीं और उनके चेहरे पर काफी घाव थे|

फिल्म की कहानी मध्य प्रदेश के चंदेरी नाम के गांव की है। इसकी अधिकतर शूटिंग भी यहीं हुई है| इस गांव के हर घर की दीवार पर लाल स्याही से ‘ओ स्त्री कल आना’ लिखा होता है।

दरअसल, गांव में स्त्री नाम की चुड़ैल का इतना खौफ होता है कि उससे बचने के लिए गांव के लोग अपने घर की दीवार पर ‘ओ स्त्री कल आना’ लिखवा लेते हैं। वहीं गांव का लड़का विकी (राजकुमार राव) जो कि एक मशहूर लेडीज टेलर है। वह स्त्री नाम की चुड़ैल को महज अफवाह मानता है।

इस बीच विकी की दोस्ती अनाम खूबसूरत लड़की (श्रद्धा कपूर) से हो जाती है। फिल्म की कहानी में ट्विस्ट तब शुरू होता है जब विकी और बिट्टू (अपारशक्ति खुराना) के दोस्त जना (अभिषेक बनर्जी) को स्त्री अपना शिकार बना लेती है और उसको उठाकर ले जाती है। इसके बाद विकी और बिट्टू गांव में स्त्री पर शोध कर रहे रुद्रा (पंकज त्रिपाठी) के साथ मिलकर दोस्त जना को तलाशने लगते हैं।

ट्रेलर रिलीज करने से पहले राजकुमार राव ने फिल्म का नया पोस्टर रिलीज किया है| पोस्टर के कैप्शन में लिखा है कि स्त्री से बचने के लिए हम तैयार होकर आ रहे हैं, आप भी सावधान रहना| पोस्टर देखकर ऐसा लग रहा है कि अंधेरी रात में राजकुमार, श्रद्धा से मिल रहे हैं और उन्हें देखते ही वह उनकी आंखों में खो से जाते हैं| पोस्टर के बैकग्राउंड में चांद नजर आ रहा है, जिस पर घूंघट ओढ़े एक महिला की तस्वीर नजर आ रही है|

फिल्म: स्त्री
निर्देशक: अमर कौशिक
कलाकार: राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर, अपारशक्ति खुराना, पंकज त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी
अवधि: 2 घंटा 10 मिनट
सर्टिफिकेट: U/A

'स्त्री' में जहां बेहतरीन हॉरर कॉमेडी और शानदार डायलॉग्स का मसाला है वहीं इसका संगीत भी सिनेमा हॉल में आपके मनोरंजन को बरकरार रखने में पूरा साथ देता है। फिल्म में सचिन-जिगर के संगीत में पिरोए गए 'कमरिया', 'मिलेगी मिलेगी' और 'आओ कभी हवेली' जैसे बेहतरीन गाने भी 'स्त्री' की रिलीज से पहले ही सुपरहिट हो चुके हैं।

Related Post