भारत बंद: कांग्रेस के भारत बंद में कई जगह समर्थकों का उत्पाद

Mon 10-Sep-2018 11:09 am
बंद असफल न हो इसलिए कांग्रेस समर्थकों ने कई जिलों में आगजनी-नारेबाजी और प्रदर्शन किया

नई दिल्ली: पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ कांग्रेस की अगुवाई में विपक्षी पार्टियों के भारत बंद का असर आज सुबह से ही बिहार के कई जिलों में दिखने लगा है। कई जगह बंद समर्थकों ने रेलवे ट्रैक को निशाना बनाया है और ट्रेनों को रोक दिया गया है।

वहीं बंद का असर सुबह से ही सड़क यातायात पर भी दिखने लगा है। सुबह सात बजे से ही प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर गए हैं और जगह-जगह आगजनी-नारेबाजी और प्रदर्शन कर रहे हैं।

लोकतांत्रिक जनता दल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी डाकबंगला चौराहे पर बंद के समर्थन में पहुंचे और कार्यकर्ताओं के साथ नारेबाजी की।

पटना के बिहटा में बंद समर्थकों ने बिहटा-पटना NH को जाम कर दिया है। राजद कार्यकर्ता टायर जलाकर प्रदर्शन कर रहे हैं। पटना के राजेंद्र नगर में कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दिया है जिससे वाहनों की लंबी कतार दिख रही है। पटना के डाकबंगला चौराहे को राजद कार्यकर्ताओं ने जाम कर दिया है। कार्यकर्ताओं के मुताबिक तेजस्वी यादव दोपहर बारह बजे सड़क पर उतरेंगे तब बंद का असर दिखेगा।

बेगूसराय में बंद समर्थकों ने बाघ एक्सप्रेस और मालगाड़ी को रोक दिया है। बांका जिले में भी राजद कार्यकर्ताओं ने बांका इंटरसिटी ट्रेन को रोक दिया है और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। समर्थको्ं ने बरौनी जंक्शन पर बरौनी-नई दिल्ली वैशाली सुपरफास्ट ट्रेन को रोका।

भारत बंद के चलते ईस्ट कोस्ट रेलवे जोन ने 12 ट्रेनें रद्द कर दी हैं।

मुंबई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंधेरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोकी। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम के साथ पुलिस की धक्कामुक्की हुई। उसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

मध्यप्रदेश के उज्जैन दरगाह मंडी के पास कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप में तोड़फोड़ की है। बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिसकर्मी को पीटा भी गया।