कड़ाके की ठंड से कांपा उत्तर और मध्य भारत

Fri 21-Dec-2018 2:02 pm
राजस्थान के फतेहपुर, माउंटआबू में तापमान जीरो ने नीचे; वहीँ पचमढ़ी 2 डिग्री तो दिल्ली और ग्वालियर में 4 डिग्री

नई दिल्ली: कश्मीर में हो रही बर्फवारी के कारण उत्तर और मध्य भारत में पारा गिरना शुरू हो गया है।

बीती रात (गुरुवार को) मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में न्यूनतम पारा 2 डिग्री पहुंच गया। वहीँ राजस्थान के फतेहपुर में -4 और माउंटआबू में -1.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया| इससे पचमढ़ी, फतेहपुर और माउंटआबू में ओस की बूंदें जमने से खेत और मैदानों में बर्फ की चादर बिछ गई। पर्यटकों के वाहनों पर भी ओस जम गई। रायसेन जिले की गैरतगंज तहसील में खेत में भी ओस की बूंदे जम गईं। यही हाल देश के अन्य स्थानों का भी है। उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब में न्यूनतम पारा छः डिग्री से अधिक नहीं है।

बर्फ से ढंके पहाड़ों से टकराकर आने वाली उत्तरी हवा के कारण लगभग पूरा उत्तर भारत कड़ाके की सर्दी की चपेट में हैं। ग्वालियर में 11 साल बाद 20 दिसंबर की रात सबसे सर्द रही। गुरुवार को यहां न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 19 दिसंबर 2007 को न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री दर्ज किया गया।

दिल्ली/एनसीआर:
राजधानी क्षेत्र में न्यूनतम शिमला से भी कम रहा| यहाँ अधिकतर जगह का रात का तापमान 3-4 डिग्री रहा। शिमला का न्यूनतम पारा 6.5 डिग्री था। हालांकि दिन में अच्छी धुप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन धुप के साथ ठण्डी हवा भी चल रही है|

मध्य प्रदेश:
पिछले 5 दिन से प्रदेशवासी गलनभरी सर्दी से परेशान हैं। ग्वालियर रीजन में तापमान 5 डिग्री ने नीचे रिकॉर्ड किया गया| दतिया और श्योपुर रात का तापमान तीन डिग्री से नीचे रहा| राजधनी भोपाल में तापमान 6 तो खजुराहो में चार डिग्री रहा|

राजस्थान:
राजस्थान में सर्दी के तीखे तेवर बरकरार हैं। सीकर के फतेहपुर में पारा -4.0 डिग्री तो राज्य के एकमात्र पर्वतीय स्थल माउंट आबू में तापमान -1.5 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। यहां औसत न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास बना हुआ है। ठंड से नागौर, चूरू, सीकर जिले सहित कई स्थानों पर सुबह बर्फ जम गई।

हरियाणा:
इस सीजन में पहली बार पाला जमा। पारा 2.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शीतलहर ने कंपकंपी बढ़ा दी है। ऐसी ठंड दिसंबर के आखिरी सप्ताह से शुरू होती है। इस बार यह 15 दिन पहले पड़ने लगी है। रातें शिमला व धर्मशाला से भी ठंडी हो गई हैं।

पंजाब:
लुधियाना का न्यूनतम पारा सबसे कम 1 डिग्री तक पहुंच गया। सूबे के ज्यादातर इलाकों में दिन का पारा 20 के आसपास बना है, जबकि रात का पारा 5 डिग्री से नीचे है। अगले 96 घंटों में तापमान में गिरावट जारी रहेगी।