कादर खान का 81 साल की उम्र में कनाडा में निधन

Tue 01-Jan-2019 12:32 pm
Images Courtesy: amarujala.com
कॉमेडी किंग के निधन की खबर सुनते ही छलके अमिताभ के आंसू, सेलेब्रिटीज ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि|

टोरंटो: हिंदी सिनेमा के बेहतरीन अभिनेता कादर खान का निधन हो गया है। वह 81 साल के थे। बेटे सरफराज ने कादर खान के निधन की पुष्टि की है। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और कनाडा के अस्पताल में 31 दिसम्बर को उन्होंने अंतिम सांस ली।

81 वर्षीय कादर खान को सांस लेने में समस्या थी और इसी कारण डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा था। उनकी खराब तबीयत को लेकर चल रही खबरों के बाद बॉलिवुड सिलेब्रिटीज भी उनके अच्छे स्वास्थ्य की दुआएं कर रहे थे। अमिताभ बच्चन ने ट्वीट किया था, “कादर खान, बेहद प्रतिभाशाली ऐक्टर और राइटर अस्पताल में हैं। उनकी सेहत के लिए दुआ करता हूं।|

कनाडा में कादर खान अपने बेटे, बहू और उनके बच्चों के साथ रहते थे। उनकी बहू ने एक इंटरटेनमेंट पोर्टल को बताया था कि वे बमुश्किल चल पाते हैं। मुझे और शौहर को ही समझ पाते हैं।

कादर खान का जन्म 22 अक्टूबर, 1937 को काबुल में हुआ। उन्होंने 1973 में ‘दाग’ फिल्म से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। इसमें राजेश खन्ना मुख्य भूमिका में थे। 2017 में मस्ती नहीं सस्ती में अंतिम बार काम किया|

उन्होंने करीब 300 फिल्मों में काम किया और 250 से ज्यादा फिल्मों के संवाद लिखे थे।

अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। बिग बी ने लिखा- कादर खान का निधन.. बेहद दु:खद और निराशाजनक समाचार.. मेरी प्रार्थना और संवेदना। एक शानदार मंच कलाकार दयालु और निपुण प्रतिभा के धनी। मेरी ज्यादातर सफल फिल्मों के आप लेखक रहे... बेहतरीन गणितज्ञ।

Related Post