कुंभ 2019: पहले शाही स्नान में लाखों ने लगाई डुबकी

Tue 15-Jan-2019 2:10 pm
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ 2019 का आगाज हो चुका है। श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से की जा रही पुष्प वर्षा...

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ 2019 का आगाज हो चुका है। प्रयागराज में गंगा, यमुना और सरस्वती तीनों के संगम स्थल पर नागा साधुओं और फिर अन्य अखाड़ों के साधु व संतों के शाही स्नान के बाद श्रद्धालुओं का संगम तट पर डुबकी लगाने का सिलसिला जारी है।

मंगलवार को सूर्य के मकरगति (मकर राशि में आने) होने के साथ ही तीर्थराज प्रयाग में संगमतट पर कुंभ का महापर्व शुरू हो गया। ठंड के बाद भी दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन की गर्मी का जोश प्रयागराज के पग-पग पर अपने रंग में नजर आने लगा है।

पहले शाही स्नान में बैरागियों के अखाड़े, निर्मोही अनी, दिगंबर अनी और निवार्णी अनी के संतों ने अपने देवता और निशान के साथ संगम में डुबकी लगाई। वहीं श्रद्धालुओं के उपर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराई जा रही है।

मुख्य आकर्षण

  • कुंभ के प्रथम शाही स्नान पर्व मकर संक्रांति पर मंगलवार दोपहर 12 बजे तक लगभग 85 लाख श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में पुण्य की डुबकी लगाई।
  • कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि संगम स्नान रात्रि लगभग ढाई बजे शुभ मुहूर्त से शुरू हो गया। अनुमान है कि शाम तक लगभग सवा करोड़ लोग स्नान करेंगे।
  • कुंभ मेला के सेक्टर 3 स्थित यात्री विश्रामालय में 200 रुपये वसूली का आरोप। जो नहीं दे पाए उन्हें खुले आसमान के नीचे रात बितानी पड़ी।

मंगलवार को सुबह 5 बजे से शुरू स्नान पूरे दिन जारी रहेगा। सुबह सबसे पहले, 6.05 बजे महानिर्वाणी के साधु-संत शाही स्नान के लिए संगम तट पर पहुंचे। इसके साथ अखाड़ों के स्नान का क्रम प्रारंभ हुआ। सभी अखाड़ों को बारी-बारी से स्नान के लिए 30 मिनट से 45 मिनट तक का समय दिया गया है।

साधु-संतों के साथ आम श्रद्धालु भी संगम सहित अलग-अलग घाटों पर आधी रात से स्नान कर रहे हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच घाटों पर नहाने और पूजा पाठ का सिलसिला जारी है।

मकर संक्रांति पर्व पर प्रयागराज कुंभ के पहले शाही स्नान में जूना अखाड़े के साथ किन्नर अखाड़े ने भी डुबकी लगाई। बता दें कि जूना और किन्नर अखाड़े का विलय चर्चा का विषय बनी हुई थी।

Related Post