आम चुनाव 2019: कांग्रेस ने 21 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की

Thu 14-Mar-2019 11:16 am
मुरादाबाद से लड़ेंगे राज बब्बर तो मुंबई उत्तर-मध्य से प्रिया दत्त होंगी कांग्रेस की उम्मीदवार...

नई दिल्ली: कांग्रेस ने बुधवार को लोकसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। जिसमें उत्तर प्रदेश के लिए 16 और महाराष्ट्र से कुल 5 उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर मुरादाबाद से लड़ेंगे। भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हुईं सावित्री फुले बहराइच से लड़ेंगी, वहीं प्रिया दत्त मुंबई नॉर्थ-सेंट्रल से होंगी कांग्रेस की उम्मीदवार। नाना पटोले नागपुर से चुनाव लड़ेंगे यहां से नितिन गडकरी हैं मौजूदा सांसद| 2014 में इन सभी 21 सीटों पर कांग्रेस को मिली थी हार|

प्रिया दत्त इससे पहले दो बार सांसद रह चुकी हैं। हालांकि, 2014 लोकसभा चुनाव में उन्हें पूनम महाजन के सामने हार का सामना करना पड़ा। टिकट के ऐलान से पहले दत्त ने कहा कि मैं चुनाव लड़ूंगी। मैं लोकतंत्र को बचाने के लिए और बच्चों के भविष्य के लिए चुनाव लड़ूंगी।

राज बब्बर 3 बार लोकसभा सांसद और 2 बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। वे उप्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं। 2014 में राज बब्बर ने गाजियाबाद से चुनाव लड़ा और भाजपा के जनरल वीके सिंह से हार गए।

उत्तर प्रदेश के लिए 16 उम्मीदवारों की सूची

  • नगीना - ओमवती देवी
  • मुरादाबाद - राज बब्बर
  • खीरी - जफर अली नकवी
  • सीतापुर - कैसर जहां
  • मिश्रिख - मंजरी राही
  • मोहनलाल गंज - रमाशंकर भार्गव
  • सुल्तानपुर - संजय सिंह
  • प्रतापगढ़ - रत्ना सिंह
  • कानपुर - श्रीप्रकाश जायसवाल
  • फतेहपुर - राकेश सचान
  • बहराइच - सावित्री फुले
  • संत कबीर नगर - परवेज खान
  • बांसगांव - कुश सौरभ
  • लालगंज - पंकज मोहन सोनकर
  • मिर्जापुर - ललितेशपति त्रिपाठी
  • रॉबर्ट्सगंज - भगवती चौधरी

महाराष्ट्र की 5 सीटें

  • नागपुर - नाना पटोले
  • गढ़चिरौली - नामदेव उसेंडी
  • मुंबई उत्तर- सेंट्रल - प्रिया दत्त
  • मुंबई दक्षिण - मिलिंद देवड़ा
  • सोलापुर - सुशील शिंदे

15 उम्मीदवारों की सूची थी जारी

इससे पहले 8 मार्च को लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 11 और गुजरात की चार सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। यूपी की इन 11 सीटों में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी रायबरेली, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सलमान खुर्शीद फर्रुखाबाद से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। इसके अलावा कुशीनगर से आरपीएन सिंह, सहारनपुर से इमरान मसूद, बदायूं से सलीम इकबाल शेरवानी, धौरहरा से जतिन प्रसाद, उन्नाव से अनु टंडन, अकबरपुर से राजाराम पाल, जालौन से बृजलाल खबरी, फैजाबाद से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री भरोसा जताया।

कांग्रेस ने पहली सूची में अहमदाबाद वेस्ट से राजू परमार (एससी) को उम्मीदवार बनाया था। आणंद से भरत सिंह सोलंकी, वड़ोदरा से प्रशांत पटेल, छोटा उदयपुर से रंजीत मोहन सिंह रथुआ पर भरोसा जताया।

Related Post