दिल्ली-कटरा के बीच 3 अक्टूबर से चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस

Sat 28-Sep-2019 12:00 pm
Images Courtesy: financialexpress.com
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना दूसरी वन्दे भारत एक्सप्रेस को...

नई दिल्ली: दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नवरात्र में 3 अक्टूबर से नई दिल्ली से कटरा स्टेशन के बीच चलने लगेगी। इससे दिल्ली से कटरा के बीच का सफर 12 घंटे के बजाय 8 घंटे में पूरा हो सकेगा। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर कहा है कि नई दिल्ली और कटरा के बीच 3 अक्टूबर से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो जाएगा। गोयल ने कहा है कि गृह मंत्री अमित शाह इस एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।

गोयल ने अपने ट्वीट में कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री तीन अक्टूबर को वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। 22439 / नई दिल्ली - श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली से सुबह 06.00 रवाना होगी और दोपहर 14.00 बजे कटरा पहुंचेगी। वहीँ 22440 / कटड़ा - नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस उसी दिन कटरा से 15.00 बजे छूटेगी तथा रात्रि 23.00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। ट्रैन दोनों तरफ से मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी|

ट्रेन का दोनों दिशाओं में अंबाला, लुधियाना और जम्मू तवी स्टेशन पर ठहराव होगा। इससे राजधानी समेत पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा से कटड़ा में माता के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत हो जाएगी।

वंदे भारत एक्सप्रेस की अधिकतम स्पीड 160 किलोमीटर प्रति घंटा है, जो कि भारतीय रेल नेटवर्क की सबसे तेज स्पीड है।

वंदे भारत ट्रेन में प्लेन जैसी खूबियां हैं। एसी, टीवी, ऑटेमैटिक दरवाजे, हाइक्लास पैंट्री और वॉशरूम इस ट्रेन में सबकुछ है।

Related Post