इस वर्ष का अंतिम सूर्य ग्रहण 26 दिसंबर 2019 को

Wed 18-Dec-2019 11:32 am
षटग्रही योग में 26 को पड़ेगा खंडग्रास सूर्य ग्रहण, जानिये ग्रहण का किस राशि पर क्या प्रभाव पड़ेगा…

नई दिल्ली: धनु राशि में भ्रमण करते हुए आकाश मंडल के प्रमुख ग्रह गुरु, शनि एवं बुध इस माह के उत्तरार्ध में अस्त होकर जनवरी माह के उत्तरार्ध में उदय होंगे। इसी के साथ सूर्य ग्रहण के दिन छह ग्रहों की युति धनु राशि में हो रही है। साथ ही मंगल, राहु का षड़ाष्टक एवं सूर्य, शनि,गुरु, केतु और बुध का राहु के साथ समसप्तक योग बनाएंगे। इन सब ग्रह योग के चलते हिमस्खलन, भूकंप के साथ जन-धन की हानि, किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति के लिए विशेष कष्टप्रद रहेगा। शीतलहर के कारण फसलों में नुकसान होगा।

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 14 दिसंबर को गुरु ग्रह शाम 5:18 बजे पश्चिम दिशा में अस्त हो गए हैं। इनका उदय 10 जनवरी को सुबह 7:25 बजे पूर्व दिशा में होगा। इसी के साथ बुध ग्रह 18 दिसंबर को सुबह 7:18 बजे अस्त होकर 20 जनवरी को शाम 5:52 बजे पश्चिम में उदित होंगे। वहीं शनि ग्रह 28 दिसंबर को शाम 5:25 बजे पश्चिम दिशा में अस्त होकर 30 जनवरी को सुबह 7:19 बजे पूर्व दिशा में उदित होंगे।

इन ग्रहों का सबसे अधिक दुष्प्रभाव वृषभ, कन्या, धनु, मकर राशि पर पड़ेगा। ज्योतिषियों के अनुसार शनि वर्ष गणना के अनुसार 30 साल बाद ग्रह-युति योग का भी संयोग बन रहा है। बृहस्पति वर्ष गणना से 12 साल बाद ग्रहों की ऐसी स्थिति बन रही है, जिनसे चतुर्ग्रही व पंचग्रही योग बनेंगे। इन परिवर्तनों का असर मौसम और जलवायु के साथ सामान्य जनजीवन पर भी दिखाई देगा।

25 की रात 8:10 बजे लग जाएगा सूतक...

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार खंडग्रास सूर्य ग्रहण का सूतक 25 दिसंबर को रात्रि 8:10 बजे से प्रारंभ हो जाएगा। ग्रहण का प्रारंभ काल 26 दिसंबर को सुबह 8 बजे से होगा। ग्रहण का मध्य सुबह 9:31 बजे एवं मोक्ष दोपहर 1:36 बजे होगा। सूर्य ग्रहण का प्रारंभ और समाप्ति काल हर जगह अलग-अलग होगा।

ग्रहण का राशियों पर प्रभाव के बारे में ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि मेष, मिथुन, सिंह, वृश्चिक राशि वाले जातकों के लिए खंड ग्रास सूर्य ग्रहण के सामान्य एवं मध्यम फल प्राप्त होंगे। वृषभ, कन्या, धनु, मकर राशि वाले जातकों के लिए इस खंड ग्रास कंकड़ सूर्य ग्रहण का प्रभाव कष्टकारी रहेगा। कर्क, तुला, कुंभ, मीन राशि वाले जातकों के लिए खंड ग्रास कंकड़ सूर्य ग्रहण सुख फलदायक होगा।

24 जनवरी से सूर्य व शनि पिता-पुत्र एक ही राशि में: 24 जनवरी को शनि का मकर राशि में प्रवेश करते ही सूर्य व शनि युति बनेगी। ये पिता-पुत्र एक ही राशि में रहेंगे। इनका अच्छा असर न्याय, सामाजिक मूल्य का प्रभाव बढ़ेगा तथा प्राकृतिक विपदाओं में कमी आएगी।

ग्रहों का राशि-नक्षत्र परिवर्तन...

  • 16 दिसंबर: सूर्य वृश्चिक से धनु तथा नक्षत्र-मूल में प्रवेश कर गए।
  • 20 दिसंबर: गुरु का मूल नक्षत्र में प्रवेश, अस्त होंगे।
  • 23 दिसंबर: शुक्र का श्रवण नक्षत्र में प्रवेश, उदय होंगे।
  • 24 दिसंबर: बुध का वृश्चिक राशि से धनु में प्रवेश, मूल नक्षत्र में।
  • 26 दिसंबर: शनि का उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में प्रवेश।
  • 27 दिसंबर: शनि अस्त होंगे।