इंदौर फिर देश का सबसे साफ-सुथरा शहर, दूसरे स्थान पर भोपाल

Thu 17-May-2018 1:40 am
पिछले साल भारत की सबसे स्वच्छ राजधानी होने का खिताब चंडीगढ़ को मिला था, लेकिन ओवरआल प्रदर्शन में यह शहर 11वें नंबर पर था।

नई दिल्ली: केंद्र सरकार की तरफ से अब तक के सबसे बड़े स्वच्छता सर्वे में पिछले साल भी सबसे साफ शहर के तौर पर नंबर-1 रहा मध्य प्रदेश का इंदौर शहर इस बार भी उसीस्थान पर रहा। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को देश का दूसरा, जबकि केंद शासित प्रदेश चंडीगढ़ को तीसरा साफ शहर चुना गया है।

पिछले साल भारत की सबसे स्वच्छ राजधानी होने का खिताब चंडीगढ़ को मिला था, लेकिन ओवरआल प्रदर्शन में यह शहर 11वें नंबर पर था।

नेशनल मीडिया सेंटर में बुधवार को आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप पुरी ने सर्वे के परिणाम घोषित किए। पिछले साल सर्वे में उत्तर प्रदेश का गाजियाबाद 434 शहरों में 351वें नंबर पर था। इस बार वह टॉप-50 शहरों में शामिल होने के साथ ही 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में देश की नंबर-1 फास्टेस्ट मूवर बिग सिटी अवार्ड के लिए चुना गया है।

3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में अलीगढ़ को नवाचार और उसका श्रेष्ठ उपयोग श्रेणी में नंबर-1 शहर के तौर पर चुना गया है। नई दिल्ली नगर निगम को देश का सबसे साफ छोटा शहर चुना गया है। शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन के लिए झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ को पहले तीन स्थानों पर चुना गया है।

देश के शीर्ष-3 स्वच्छ शहर
इंदौर
भोपाल
चंडीगढ़

यह शहर जिन्होंने इंदौर के सफाई के तरीके अपनाए

1- गाजियाबाद
शहर में हुई 3-आर कॉन्फ्रेंस के बाद गाजियाबाद ने घर-घर कचरा कलेक्शन शुरू किया।

2- कानपुर
जिस तरह कचरा अलग-अलग किया जाता है, उसी तर्ज पर कानपुर में भी किया जा रहा है।

3- अहमदाबाद
हमारे कचरा ट्रांसफर स्टेशन जैसा बनाना चाहते हैं। दिल्ली ने भी इसके टेंडर किए हैं।