20 साल बाद फिर विश्व चैंपियन बना फ्रांस, फाइनल में क्रोएशिया को 4-2 से रौंदा

Mon 16-Jul-2018 10:59 am
फाइनल मुकाबले में क्रोएशिया को 4-2 से रौंदते हुए फीफा विश्व कप 2018 का खिताब जीता

मॉस्को: फ्रांस ने रविवार को फाइनल मुकाबले में क्रोएशिया को 4-2 से रौंदते हुए फीफा विश्व कप 2018 का खिताब जीता। फ्रांस ने फुटबॉल इतिहास में दूसरी बार विश्व कप का खिताब जीता। पहली बार 20 वर्ष पहले 1998 में ब्राजील को हराते हुए चैंपियन बना था।

फ्रांस अब उन देशों के विशेष क्लब में शामिल हो गया है, जिसने एक से अधिक बार विश्व कप खिताब जीता। बता दें कि फ्रांस ऐसा छठा देश बन गया है, जो एक या अधिक बार विश्व चैंपियन बना हो। इससे पहले ब्राजील (5), जर्मनी (4), इटली (4), अर्जेंटीना (2) और उरुग्वे (2) यह कमाल कर चुके हैं।

मॉस्को के लुजिन्हकी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच का पहला गोल 18वें मिनट में फ्रांस ने के खाते में आया। यह एक आत्मघाती गोल था, जो क्रोएशिया के मारियो मैंडजुकिच के हेडर से आया। ठीक 10 मिनट बाद 28वें मिनट में क्रोएशिया ने मैच में जोरदार वापसी करते हुए जबरदस्त गोल दागा और स्कोर को 1-1 कर लिया।

खेल में अभी 11 मिनट और बढ़े ही थे कि VAR के इस्तेमाल से फ्रांस को एक पेनल्टी मिल गई। इवान पेरिसिच के हैंडबॉल फाउल से मिले इस सुनहरे अवसर को भुनाते हुए एंटोनी ग्रीजमैन ने फ्रांस को 2-1 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक फ्रांस 2-1 के स्कोर के साथ क्रोएशिया से आगे था।

फिर 59वें मिनट में पॉल पोग्बा ने तो 65वें मिनट में युवा खिलाड़ी मबापे ने शानदार गोल दागकर फ्रांस को 4-1 की बड़ी बढ़त दिला दी। हालांकि इसके कुछ मिनट बाद ही फ्रांस के गोलकीपर लॉरिस की गलती के चलते क्रोएशिया के मारियो मैंडजुकिच ने एक आसान गोल दागकर स्कोर अपनी टीम को मैच में वापसी कराने की कोशिश की। मगर इसके बाद पूरे मैच में क्रोएशिया कोई कमाल नहीं दिखा पाया और अपने पहले विश्व कप से चूक गया।

Related Post